
जिले के बांसी कस्बे से बड़ी खबर सामने आई है, जहां फल मंडी में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दो दुकानें धू-धू कर जलने लगीं। इस अग्निकांड में दुकानों में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
घटना बांसी कस्बे की फल मंडी की है, जहां देर शाम अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख मंडी में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस अग्निकांड में दो पक्की दुकानों में रखा फल, लकड़ी के बक्से और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस आगजनी में 30 लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने की बात सामने आ रही है। राहत की बात यह रही कि आग लगने की घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी बांसी सहित पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने फायर ब्रिगेड और पुलिस कर्मियों से घटना की जानकारी ली और आग लगने के कारणों की जांच के निर्देश दिए।
व्यापारियों का कहना है कि जिन दुकानों में आग लगी, वहां न तो बिजली का कोई कनेक्शन था और न ही अलाव जलाया गया था। ऐसे में आग लगने के कारणों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। व्यापारियों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी हुई है।




