
घने कोहरे में छुपे सूर्य देव, बढ़ती ठंड और गलन से जनजीवन प्रभावित, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
जनपद में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। सोमवार सुबह से ही सूर्य देव घने कोहरे की चादर में छुपे नजर आए। तेज कोहरे और गलन युक्त ठंड के चलते सड़कों पर वाहन रेंगते हुए दिखाई दिए, वहीं दृश्यता बेहद कम होने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जहां बीते दिन सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिली थी, वहीं आज सुबह जनपद में घना कोहरा छा जाने से ठंड में अचानक इजाफा हो गया। सुबह-सुबह आसमान में कोहरे की मोटी परत छाई रही, जिससे पूरा इलाका शीतलहर की चपेट में आ गया।
बढ़ती ठंड और गलन के कारण लोग घरों में दुबकने को मजबूर नजर आए। सड़कों पर आवागमन सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम दिखा। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी चहल-पहल घट गई। केवल बेहद जरूरी कामों से ही लोग घरों से बाहर निकलते दिखाई दिए।
घने कोहरे और अत्यधिक सर्दी का असर बुजुर्गों, बच्चों और जानवरों पर भी साफ नजर आ रहा है। पशुपालकों का कहना है कि ठंड के चलते पशुओं को भी काफी दिक्कतें हो रही हैं। वहीं बुजुर्गों में सर्दी से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। चिकित्सकों के अनुसार, ठंड बढ़ने से हार्ट अटैक और सांस संबंधी समस्याओं का जोखिम भी बढ़ जाता है।
हालांकि, कड़ाके की ठंड के बीच भी कुछ लोग सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकलते नजर आए, लेकिन अधिकांश लोग ठंड से बचने के लिए घरों में ही रहना बेहतर समझ रहे हैं।
अत्यधिक सर्दी को देखते हुए जनपद में स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह अलर्ट मोड में दिखाई दे रहा है। अस्पतालों में ठंड से प्रभावित मरीजों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी औरैया डॉ० सुरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि अत्यधिक ठंड को ध्यान में रखते हुए मरीजों और उनके तीमारदारों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अस्पतालों में बनाए गए रैन बसेरों में पर्याप्त बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। साथ ही अस्पताल परिसरों में अलाव जलवाए जा रहे हैं और जरूरत के अनुसार हीटर भी लगवाए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक ठंड में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें, गर्म कपड़ों का उपयोग करें और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
फिलहाल मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे का असर बना रह सकता है, ऐसे में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।




