नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने राजधानी में उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए डॉ. बी. आर. अंबेडकर विश्वविद्यालय दिल्ली (AUD) के नए कैंपस के निर्माण को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई व्यय वित्त समिति (Expenditure Finance Committee) की बैठक में उत्तरी दिल्ली के धीरपुर में लगभग 50 एकड़ (20 हेक्टेयर) क्षेत्र में नया अत्याधुनिक परिसर विकसित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।

करीब 1,668 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह आधुनिक कैंपस राजधानी में गुणवत्तापूर्ण, समावेशी और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप उच्च शिक्षा का नया केंद्र बनेगा। सरकार का मानना है कि इस परियोजना से हजारों विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और दिल्ली की उच्च शिक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
बैठक में कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, शिक्षा मंत्री आशीष सूद तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। परियोजना के निर्माण और क्रियान्वयन से जुड़ी आगे की सभी प्रक्रियाओं की जिम्मेदारी दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) को सौंपी गई है।
8,000 विद्यार्थियों की क्षमता वाला होगा नया परिसर
मुख्यमंत्री के अनुसार, नए परिसर को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा, जिसकी कुल क्षमता लगभग 8,000 विद्यार्थियों की होगी। पहले चरण में 5,400 विद्यार्थियों के लिए आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं तैयार की जाएंगी। इसके अलावा 840 विद्यार्थियों के लिए छात्रावास तथा शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाओं का भी निर्माण किया जाएगा।
विश्वस्तरीय शैक्षणिक और खेल सुविधाएं
नए कैंपस में अत्याधुनिक शैक्षणिक ब्लॉक, केंद्रीय पुस्तकालय, प्रशासनिक भवन, छात्र सुविधा केंद्र, 2,500 सीटों की क्षमता वाला भव्य सभागार, आधुनिक खेल परिसर, पार्किंग और अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सरकार का उद्देश्य इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक परिसर के रूप में विकसित करना है।
ग्रीन और सस्टेनेबल कैंपस पर रहेगा जोर
परियोजना को GRIHA 5-स्टार रेटिंग के मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। परिसर में सौर ऊर्जा, भू-तापीय ऊर्जा, वर्षा जल संचयन (Rainwater Harvesting), अपशिष्ट जल पुनर्चक्रण और आधुनिक जल संरक्षण प्रणालियों जैसी पर्यावरण-अनुकूल तकनीकों का उपयोग किया जाएगा, जिससे यह एक टिकाऊ और ऊर्जा-कुशल कैंपस बन सके।
आवश्यक मंजूरियां पहले ही मिल चुकीं
सरकार के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी परियोजना को दिल्ली शहरी कला आयोग (DUAC) और दिल्ली अग्निशमन सेवा सहित अन्य आवश्यक वैधानिक मंजूरियां पहले ही प्राप्त हो चुकी हैं। इससे निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया और अधिक आसान हो गई है।
दिल्ली सरकार का कहना है कि धीरपुर में बनने वाला अंबेडकर विश्वविद्यालय का नया परिसर न केवल राजधानी में उच्च शिक्षा के अवसरों का विस्तार करेगा, बल्कि आधुनिक, समावेशी और पर्यावरण-अनुकूल शैक्षणिक ढांचे का नया मानक भी स्थापित करेगा।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal