रिपोर्टर – दीपक पंडित
बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश
ब्रेकिंग बुलंदशहर
बुलंदशहर में पड़ रही भीषण सर्दी के बीच ठंड से जूझ रहे जरूरतमंदों के लिए पुलिस प्रशासन मददगार बनकर सामने आया है। एएसपी सिटी आईपीएस ऋजुल ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए देर रात सड़क किनारे रह रहे बेसहारा लोगों, झुग्गी-झोपड़ी में जीवन यापन कर रहे परिवारों, ई-रिक्शा चालकों और कूड़ा बीनने वाले मासूम बच्चों को कंबल वितरित किए।
यह कंबल वितरण अभियान थाना नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत काला आम चौराहा एवं रेलवे स्टेशन के आसपास चलाया गया। एएसपी सिटी स्वयं मौके पर मौजूद रहे और जरूरतमंदों से संवाद कर उन्हें कंबल दिए। इस दौरान उन्होंने लोगों से सर्दी के मौसम में सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की अपील भी की।
सड़क किनारे देर रात तक ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पेट पालने वाले चालकों ने कंबल पाकर राहत की सांस ली। वहीं, खुले आसमान के नीचे जीवन गुजारने को मजबूर गरीब परिवारों और बच्चों के चेहरों पर भी खुशी साफ नजर आई। कई लोगों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस भीषण ठंड में यह मदद उनके लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है।
एएसपी सिटी आईपीएस ऋजुल ने कहा कि सर्दी के इस प्रकोप में कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण परेशान न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। आगे भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए ऐसे अभियान जारी रहेंगे। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि उनके आसपास कोई असहाय या जरूरतमंद व्यक्ति दिखे तो उसकी मदद जरूर करें।
बुलंदशहर पुलिस का यह मानवीय प्रयास न सिर्फ राहत पहुंचाने वाला रहा, बल्कि समाज में सहयोग और संवेदनशीलता का संदेश भी देता नजर आया।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal