अलीगढ़ के टप्पल में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला, मौत से पहले वीडियो में युवक ने लगाए गंभीर आरोप
अलीगढ़ जनपद के टप्पल थाना क्षेत्र के गांव नगला खुर्द से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के परिजनों ने युवक की कथित पत्नी और उसकी परिवार पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब मृतक का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह अपने साथ मारपीट और जहर खिलाए जाने की बात कहता दिखाई दे रहा है।
परिजनों के मुताबिक मृतक राजीव सिंह का अपनी ही चाची गीता के साथ लंबे समय से संबंध था। बताया जा रहा है कि पति की मौत के बाद गीता अपने बेटों और बहुओं के साथ रह रही थी और बाद में उसने अपने ही भतीजे राजीव सिंह को पति की तरह साथ रखना शुरू कर दिया था। गांव में इस रिश्ते को लेकर पहले से चर्चा होती रही थी। अब राजीव की मौत के बाद यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
मकान को लेकर विवाद की चर्चा
View this post on Instagram
मृतक के परिवार वालों का आरोप है कि राजीव सिंह के नाम पर मकान और संपत्ति थी, जिसको लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों का कहना है कि संपत्ति हड़पने की नीयत से गीता और उसके परिवार वालों ने राजीव को रास्ते से हटाने की साजिश रची। आरोप है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और बाद में उसे जहरीला पदार्थ खिलाया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
घटना के बाद राजीव सिंह को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत के बाद परिवार के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस को सूचना दिए जाने के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं की गई और अभी तक मुकदमा भी दर्ज नहीं हुआ है।
मौत से पहले का वीडियो आया सामने
मामले में नया मोड़ उस समय आया जब राजीव सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो में वह कथित तौर पर अपने साथ मारपीट होने और जहर खिलाए जाने की बात कह रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि वीडियो सामने आने के बाद भी आरोपितों पर कार्रवाई नहीं की गई।
परिजनों का यह भी आरोप है कि आरोपी महिला गीता के गांव में किसी अन्य व्यक्ति से भी संबंध थे और इसी कारण परिवार में लगातार विवाद बना हुआ था। हालांकि पुलिस ने अभी तक इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
आरोपी परिवार समेत फरार
घटना के बाद आरोपित महिला गीता अपने बेटों और बहुओं के साथ घर छोड़कर फरार हो गई है। गांव में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के परिवार के समर्थन में सामने आए हैं।
FIR दर्ज नहीं होने पर परिजनों का हंगामा
मृतक के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि जब तक आरोपितों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज नहीं की जाएगी, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। परिवार के लोगों ने पुलिस प्रशासन से न्याय की मांग करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
घटना की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिवार के लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांव में चर्चा का विषय बना मामला
नगला खुर्द गांव में यह मामला चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है। रिश्तों, संपत्ति विवाद और हत्या के आरोपों ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह का मामला उन्होंने पहले कभी नहीं देखा। सोशल मीडिया पर भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
View this post on Instagram
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं मृतक के परिजन आरोपितों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal