
नववर्ष को लेकर उन्नाव शहर के शराब ठेकों पर प्रशासन सख्त, सीओ सिटी व एसडीएम ने किया औचक निरीक्षण
ख़बर उन्नाव से है, जहां नववर्ष के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने शहर क्षेत्र में स्थित शराब ठेकों और मॉडल शॉप्स पर सघन निरीक्षण एवं चेकिंग अभियान चलाया।
नववर्ष के दौरान शराब की अधिक खपत और अवैध बिक्री की आशंका को देखते हुए सीओ सिटी दीपक यादव एवं सदर एसडीएम क्षितिज द्विवेदी ने संयुक्त रूप से उन्नाव शहर के विभिन्न इलाकों में संचालित शराब ठेकों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने ठेकों पर मौजूद शराब की बिक्री प्रक्रिया, स्टॉक रजिस्टर, लाइसेंस की वैधता और शराब की एक्सपायरी डेट की गहनता से जांच की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि निर्धारित मूल्य से अधिक दामों पर शराब की बिक्री न की जाए और किसी भी प्रकार की मिलावटी या एक्सपायर्ड शराब बाजार में न पहुंचे। अधिकारियों ने ठेका संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि सभी नियमों का पालन पूरी ईमानदारी से किया जाए।
सीओ सिटी दीपक यादव
“नववर्ष के अवसर पर अवैध शराब बिक्री की संभावना बढ़ जाती है, इसी को देखते हुए यह अभियान चलाया गया है। यदि कहीं भी नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित ठेका संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
प्रशासन की इस सख्ती के चलते शराब ठेका संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई से न सिर्फ अवैध शराब पर रोक लगेगी बल्कि नववर्ष के दौरान शांति व्यवस्था भी बनी रहेगी।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नववर्ष तक यह चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




