Saturday , January 31 2026

Jalaun Fog Accident -घने कोहरे में जालौन में कंटेनर ट्रक हादसा, बाल-बाल बचे लोग


जालौन – घने कोहरे में कंटेनर ट्रक हादसा

जालौन जनपद में घने कोहरे ने एक बार फिर सड़क हादसे को न्योता दे दिया। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के लिंक रोड पर एक कंटेनर ट्रक अनियंत्रित होकर सर्विस रोड में जा घुसा। हादसा इतना अचानक हुआ कि कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या बड़ा जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।

यह हादसा जालौन कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम साहाब स्थित सर्विस रोड पर हुआ। जानकारी के अनुसार हरियाणा नंबर HR 38 X 1765 कंटेनर ट्रक फरीदाबाद से कटनी की ओर जा रहा था। सुबह के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई थी। इसी दौरान चालक को आगे का रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं दिया और ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सर्विस रोड में जा घुसा।

ट्रक चालक की पहचान योगेंद्र सिंह सेंगर पुत्र रघुराज सिंह सेंगर, निवासी ग्राम पडकुला, थाना गोहन क्षेत्र, जनपद जालौन के रूप में हुई है। हादसे में चालक को हल्की चोटें आने की बात कही जा रही है, हालांकि उसकी हालत पूरी तरह सुरक्षित बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही छिराय चौकी प्रभारी अजीत पाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए ट्रक को सड़क किनारे कराया और यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। कुछ देर के लिए लिंक रोड पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य कर दी गई।

पुलिस के अनुसार इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। प्राथमिक जांच में घना कोहरा ही दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के दौरान गति नियंत्रित रखें, फॉग लाइट का प्रयोग करें और सुरक्षित दूरी बनाकर वाहन चलाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

लगातार बढ़ते कोहरे को देखते हुए प्रशासन द्वारा हाईवे और लिंक रोड पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर आगे भी निगरानी जारी रहेगी।

Check Also

Anganwadi Recruitment-बलरामपुर में आंगनबाड़ी भर्ती घोटाला, रिश्वत लेते तीन आरोपी गिरफ्तार

जनपद बलरामपुर में आंगनबाड़ी चयन प्रक्रिया के नाम पर रिश्वत मांगने और लेने का गंभीर …