कबरई ब्लॉक के भंडरा गांव में अखिल भारतीय विराट दंगल का भव्य आयोजन, हजारों दर्शकों की उमड़ी भीड़
कबरई विकासखंड के भंडरा गांव में अखिल भारतीय विराट दंगल एवं विशाल भंडारा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक दंगल कार्यक्रम का आयोजन ग्राम प्रधान रामकरण मिश्रा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों, दंगल प्रेमियों और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
भंडरा गांव में आयोजित इस अखिल भारतीय दंगल को देखने के लिए जिले ही नहीं, बल्कि आसपास के जनपदों से भी दंगल प्रेमी बड़ी संख्या में पहुंचे। सुबह से ही दंगल स्थल पर दर्शकों की भीड़ उमड़ने लगी थी, जिससे पूरा क्षेत्र मेले जैसा नजर आया। पारंपरिक अखाड़े में पहलवानों के दमखम और कुश्ती कौशल ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने एकजुटता का परिचय देते हुए मंच साझा किया। दंगल कार्यक्रम का संचालन देवेंद्र चतुर्वेदी द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को अनुशासित एवं रोचक बनाए रखा।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य विकास समन्वय एवं निगरानी समिति के सदस्य, ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड के डायरेक्टर, बुंदेलखंड के योगी के नाम से प्रसिद्ध योगी अर्पितदास महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके ओजस्वी संबोधन ने न केवल भाजपा कार्यकर्ताओं बल्कि दंगल में मौजूद आम जनता का भी उत्साह बढ़ा दिया।
योगी अर्पितदास महाराज ने अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीण विकास, आधारभूत संरचना, सड़क, आवास, स्वच्छता और रोजगार से जुड़ी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से नशे की प्रवृत्ति से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच से ही युवा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल ने ग्राम प्रधान रामकरण मिश्रा द्वारा दंगल जैसे पारंपरिक आयोजन को जीवंत रखने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने युवाओं से नशा और मांसाहार छोड़कर शुद्ध जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने युवाओं को गाय के दूध और घी का सेवन कर शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत बनकर परीक्षाओं एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल कर अपने जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी।
इस भव्य आयोजन में भाजपा जिला अध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी, कॉपरेटिव अध्यक्ष चक्रपाणि त्रिपाठी, कबरई ब्लॉक प्रमुख अवनीश (राजू) सिंह, चरखारी ब्लॉक प्रमुख सीमा जयराम कुशवाहा, विपिन भदौरिया, पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा अवधेश गुप्ता, भगीरथ नगायच सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में सुरक्षा, अनुशासन और व्यवस्थाओं की भी सराहना की गई। ग्राम प्रधान रामकरण मिश्रा ने सभी आगंतुकों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक एवं खेल आयोजनों को जारी रखने की बात कही।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal