
उन्नाव में ठंड से बचाव को लेकर प्रशासन अलर्ट
लोकेशन – उन्नाव, उत्तर प्रदेश
कड़ाके की ठंड को देखते हुए उन्नाव जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी गौरांग राठी खुद देर रात सड़कों पर उतरे और ठंड से बचाव की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ रैन बसेरों और अस्पतालों की व्यवस्थाएं भी परखी गईं।
उन्नाव जनपद में बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी गौरांग राठी ने देर रात शहर का रात्रि भ्रमण किया। डीएम ने रेलवे स्टेशन, बस स्टॉप, हनुमान मंदिर क्षेत्र सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर खुले में और सड़क किनारे सो रहे जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए।
रात्रि भ्रमण के दौरान डीएम ने स्वयं जरूरतमंदों से संवाद किया और ठंड से बचाव के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरे पर राहत साफ दिखाई दी। कई ऐसे लोग जो खुले में ठंड से कांपते नजर आए, उन्हें प्रशासन की ओर से ऑटो की व्यवस्था कराकर नजदीकी रैन बसेरों तक सुरक्षित पहुंचाया गया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने इमरजेंसी, वार्डों और रैन बसेरों में भर्ती मरीजों व तीमारदारों से बातचीत कर सुविधाओं का जायजा लिया। अस्पताल परिसर में अलाव, कंबल और दवाइयों की उपलब्धता को भी परखा गया। जहां कहीं भी व्यवस्थाओं में कमी नजर आई, वहां संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
डीएम ने रैन बसेरों की स्थिति का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई, गर्म पानी, कंबल और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में किसी भी जरूरतमंद को खुले में सोने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए।
डीएम गौरांग राठी
“मुख्यमंत्री जी के निर्देश पर पूरे जिले में ठंड से बचाव का अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान पूरी सर्दी जारी रहेगा। कोई भी जरूरतमंद खुले में न सोए, इसके लिए प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है।”
जिलाधिकारी के इस रात्रि भ्रमण से न सिर्फ प्रशासनिक अमला सक्रिय नजर आया, बल्कि आम लोगों में भी यह संदेश गया कि जिला प्रशासन ठंड से बचाव को लेकर गंभीर है। फिलहाल उन्नाव में ठंड से राहत देने के लिए कंबल वितरण, रैन बसेरों की व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी लगातार जारी है।




