Friday , March 20 2026

कन्नौज में BJP कार्यालय घेराव को जा रहे कांग्रेसियों की पुलिस से झड़प, आधे रास्ते से लौटे प्रदर्शनकारी

लोकेशन — कन्नौज
संवाददाता — अंकित श्रीवास्तव


कन्नौज से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां भाजपा कार्यालय का घेराव करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई। नेशनल हेराल्ड केस को लेकर सरकार के विरोध में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने आधे रास्ते में ही रोक दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक देखने को मिली।


पूरा मामला कन्नौज शहर का है, जहां कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय का घेराव करने के लिए एकत्र हुए थे। कांग्रेसियों का कहना था कि नेशनल हेराल्ड केस में राहुल गांधी और सोनिया गांधी को पहले ही क्लीन चिट मिल चुकी है, इसके बावजूद केंद्र सरकार राजनीतिक दबाव बनाने के लिए कार्रवाई कर रही है।

इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ नारेबाज़ी करते हुए भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे। लेकिन पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए कांग्रेसियों को बीच रास्ते में ही रोक लिया।

पुलिस द्वारा रोके जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।


नोकझोंक के दौरान मौके पर मौजूद कोतवाली प्रभारी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि वे आगे बढ़ने का प्रयास करेंगे तो सभी को धारा 151 के तहत गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस की सख्ती के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता वहीं रुक गए।

पुलिस के रुख को देखते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय तक नहीं पहुंच सके और अंततः आधे रास्ते से ही वापस लौट गए।


कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन को भी सरकार दबाने का प्रयास कर रही है और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया।

घटना के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।


फिलहाल कन्नौज में स्थिति सामान्य बनी हुई है, लेकिन इस घटनाक्रम से एक बार फिर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने साफ संकेत दिए हैं कि वह सरकार के खिलाफ अपने आंदोलन को आगे भी जारी रखेगी।

Check Also

awareness against child marriage-औरैया में प्रशासन की कार्रवाई, नाबालिग लड़का-लड़की की शादी रुकवाई

उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां प्रशासन की …