Sunday , February 1 2026

कन्नौज: छत से गिरकर 75 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत, सुबह घर में मचा कोहराम

कन्नौज, 24 अक्टूबर 2025:
जिले के प्रेमपुर चौकी क्षेत्र के गांव दिलीपपुर से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां 75 वर्षीय बुजुर्ग दर्शन सिंह की छत से गिरकर मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, दर्शन सिंह गुरुवार की रात रोज़ की तरह अपने घर की छत पर सोने के लिए गए थे। सुबह जब वह नीचे उतरने लगे, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे छत से नीचे गिर पड़े। परिवार के सदस्यों ने गिरने की आवाज़ सुनते ही मौके पर दौड़ लगाई और उन्हें गंभीर हालत में कन्नौज के सौ शैया अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों ने जांच के बाद दर्शन सिंह को मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। परिजन और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जानकारी जुटाई। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि दर्शन सिंह बेहद शांत स्वभाव और मिलनसार व्यक्ति थे। उनके निधन से गांव में गम का माहौल है। लोग परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं और अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है।

Check Also

Anganwadi Recruitment-बलरामपुर में आंगनबाड़ी भर्ती घोटाला, रिश्वत लेते तीन आरोपी गिरफ्तार

जनपद बलरामपुर में आंगनबाड़ी चयन प्रक्रिया के नाम पर रिश्वत मांगने और लेने का गंभीर …