
उन्नाव, 1 अक्टूबर 2025
उन्नाव पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा को सुनिश्चित करने के लिए “मिशन शक्ति” अभियान के तहत जिले में बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और युवतियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने, फब्तियां कसने और माहौल खराब करने वाले 80 से अधिक मनचलों को चिन्हित किया गया और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
सदर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने 21 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इन सभी के खिलाफ धारा 170, 126 और 135 बीएनएसएस के तहत चालान किया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए सीओ सिटी दीपक यादव ने बताया कि इन व्यक्तियों के खिलाफ महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा पर किसी भी प्रकार के समझौते को रोकना है।
सदर कोतवाली के अलावा जिले के अन्य क्षेत्रों में महिला आरक्षियों की विशेष टीमों ने भी कार्रवाई की। इस दौरान 59 अन्य व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ धारा 296 बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज किए गए। पुलिस के अनुसार, ये सभी लोग सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं से छेड़छाड़ और अभद्रता कर माहौल खराब कर रहे थे।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद शहर में सुरक्षा का स्पष्ट संदेश गया है। राह चलती महिलाओं और छात्राओं ने पुलिस की इस सख्ती का स्वागत किया। कई अभिभावकों ने भी कहा कि ऐसे तत्वों पर नकेल कसने से बेटियों को बिना डर के स्कूल, कॉलेज और बाजार आने-जाने में आसानी होगी।
सीओ सिटी दीपक यादव ने कहा, “यह कार्रवाई केवल एक मुकदमे तक सीमित नहीं है। पुलिस ऐसे लोगों पर लगातार निगरानी रखेगी। हमारा मकसद है कि किसी भी स्थिति में महिलाओं की गरिमा से समझौता न हो। बेटियों की सुरक्षा और सम्मान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” उन्होंने यह भी बताया कि मिशन शक्ति अभियान को और तेज किया जाएगा और जो भी व्यक्ति इस तरह की हरकत करेगा, उसके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई होगी।
बाइट: दीपक यादव, सीओ सिटी, उन्नाव



