Sunday , February 1 2026

Gonda: पुलिस अधीक्षक ने मिशन शक्ति फेज 5.0 का शुभारंभ कर महिला स्कूटी रैली को हरी झंडी दिखाई

गोण्डा। मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार जनपद गोण्डा में महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल द्वारा मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विशेष महिला स्कूटी रैली को हरी झंडी दिखाकर अंबेडकर चौराहा से रवाना किया गया। रैली एलबीएस चौराहा, गुरुनानक चौराहा और बड़गाँव चौराहा होते हुए कोतवाली नगर में समाप्त हुई।

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने रैली के दौरान उपस्थित नागरिकों और स्कूटी दल की महिलाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों के पीछे अशिक्षा एक प्रमुख कारण है। उन्होंने कहा कि बेटियों को हर हाल में शिक्षित करना अत्यंत आवश्यक है ताकि वे किसी भी क्षेत्र में आत्मनिर्भर और सक्षम बन सकें।

उन्होंने आगे कहा कि आज महिलाएँ समाज के हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, फिर भी उन्हें पूर्ण रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके नेतृत्व की क्षमता को जागृत करने की आवश्यकता है। यदि बेटियों में नेतृत्व की भावना विकसित होगी, तो वे शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनकर अपने जीवन में चुनौतियों का सामना करने में सक्षम होंगी।

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना, हेल्पलाइन नंबरों का प्रचार-प्रसार करना और उन्हें कानूनी व सामाजिक सहायता की जानकारी देना प्रमुख उद्देश्य है। इस अभियान से न केवल महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि समाज में महिलाओं की भागीदारी और सम्मान को भी बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने सभी से अपील की कि वे बेटियों और महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रयासों में सहयोग दें और उनके अधिकारों की रक्षा करें।

Check Also

Anganwadi Recruitment-बलरामपुर में आंगनबाड़ी भर्ती घोटाला, रिश्वत लेते तीन आरोपी गिरफ्तार

जनपद बलरामपुर में आंगनबाड़ी चयन प्रक्रिया के नाम पर रिश्वत मांगने और लेने का गंभीर …