Thursday , March 19 2026

आग की भयंकर लपटों से घिरा पुणे का एक हॉस्टल, 42 छात्राओं को निकाला गया बाहर

महाराष्ट्र के पुणे शहर से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। शनिपर इलाके में एक पांच मंजिला हॉस्टल की बिल्डिंग में देर रात आग लग गई। इस हादसे में आग लगने से एक चौकीदार की मौत हो गई और 40 से अधिक छात्राओं को बचाया गया। अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी।

कब हुई थी घटना?
पुणे नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेन्द्र पोटफोडे ने बताया कि घटना देर रात करीब डेढ़ बजे हुई। उन्होंने बताया कि आग लगने के बाद इमारत की दूसरी मंजिल पर हॉस्टल में रहने वाली 42 छात्राओं को बाहर निकाला गया।

अग्निशमन अधिकारी ने इस घटना के बारे में आगे जानकारी देते हुए कहा, ‘फायर ब्रिगेड को पांच मंजिला इमारत में आग लगने की सूचना मिली। हमारी टीम को मौके पर पहुंचने के बाद पता चला कि आग ग्राउंड फ्लोर पर अकाउंटिंग एकेडमी में लगी थी।’

इस तरह बचाई जान
देवेन्द्र पोटफोडे ने बताया कि जब तक फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची, तब तक इलाके के लोगों ने हॉस्टल में मौजूद छात्राओं को बाहर निकाल लिया।अग्निशमन अधिकारी ने आगे बताया कि जब ग्राउंड पर आग बुझाई जा रही थी,तो करीब 40 साल का एक व्यक्ति वहां मृत पाया गया और उसकी मौत जाहिर तौर पर जलने के कारण हुई।

चौकीदार ने गंवा दी जान
पुलिस उपायुक्त संदीप सिंह गिल ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक व्यक्ति एक चौकीदार था जो ग्राउंड पर एक कमरे के अंदर था। उन्होंने कहा, ‘वहां पाए जाने के बाद उसे ससून जनरल अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’ अधिकारियों ने बताया कि आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।

Check Also

Sirsi Makhadumpur Phoolsinha conflict-संभल में 160 बीघा सरकारी जमीन पर विवाद, दलित परिवार और ग्रामीण आमने-सामने

संभल (उत्तर प्रदेश)। जनपद संभल के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के नगर पंचायत सिरसी और …