Saturday , March 21 2026

बरेली बनाएगा कीर्तिमान: सीएम योगी संग 10 हजार लोग एक साथ बजाएंगे डमरू

लोकसभा चुनाव से ठीक पहले सात मार्च को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरेली आ सकते हैं। इस दौरान शहर का माहौल शिवमय होगा। बरेली कॉलेज के मैदान पर सांस्कृतिक संध्या और नाथ महोत्सव का आयोजन होगा। एक साथ दस हजार लोग एक जैसा परिधान पहनकर डमरू बजाएंगे। इसे विश्व रिकॉर्ड के तौर पर दर्ज कराने की तैयारी हो रही है। इस कार्यक्रम की ड्रोन से फोटो कराई जाएगी। अफसर तैयारियों में जुट गए हैं।

नाथ महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शुक्रवार को सीडीओ ने पर्यटन विभाग, बीडीए के अफसरों व बरेली कॉलेज के प्राचार्य के साथ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक की। एक अफसर ने बताया कि कार्यक्रम बरेली कॉलेज के मैदान पर होना लगभग तय है।

दो हजार डमरू लाए गए
शनिवार को बैठक कर डीएम रविंद्र कुमार इसे अंतिम रूप दे सकते हैं। इस कार्यक्रम के माध्यम से विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारियां भी चल रही हैं। बीडीए को जिम्मेदारी दी गई है कि दस हजार डमरू की व्यवस्था करें। दो हजार डमरू आ भी गए हैं।
कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वालों का चयन पर्यटन विभाग के अधिकारी करेंगे। प्रशासन के एक अफसर के मुताबिक कार्यक्रम लगभग तय हो गया है। सभी तैयारियां भी हो गई हैं। शासन से हरी झंडी मिलते ही घोषणा कर दी जाएगी।

डमरू चौक व महादेव पुल का होगा लोकार्पण
कुतुबखाना पर बने महादेव पुल और डेलापीर पर डमरू चौक का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री से कराने की तैयारी है। इसके अलावा कुछ और योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी कराया जा सकता है। इसमें स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट और नाथ कॉरिडोर के अलावा बीडीए के प्रोजेक्ट शामिल रहेंगे। लोक निर्माण विभाग के अफसरों को भी कार्यों की सूची तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं।

Check Also

crowd management police-नवरात्रि के पहले दिन देवीपाटन मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

नवरात्रि के पावन पर्व की शुरुआत के साथ ही बलरामपुर स्थित देवीपाटन मंदिर में श्रद्धालुओं …