Sunday , March 22 2026

जानें इंडियन रोड कांग्रेस के उद्घाटन समारोह में क्या बोले सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में आप जहां से भी प्रवेश करेंगे, आपको फोरलेन की कनेक्टिविटी मिलेगी। वह शनिवार को इंडियन रोड कांग्रेस (आईआरसी 2022) के 81वें अधिवेशन के उद्घाटन समारोह में अपने अध्यक्षीय संबोधन के दौरान पिछले साढ़े पांच साल में यूपी में रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में हुए महत्वपूर्ण बदलावों की चर्चा कर रहे थे।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित इस तीन दिवसीय अधिवेशन में सड़क निर्माण से जुड़ीं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के 2500 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। यूपी पांचवीं बार आईआरसी की मेजबानी कर रहा है। आजादी के अमृत काल में यूपी को 81वें अधिवेशन के लिए चुने जाने पर धन्यवाद देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में नितिन गडकरी ने जिस मजबूती और आत्मविश्वास के साथ इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास पर फोकस किया वह आज एक मॉडल के रूप में देखा जाता है। विगत साढ़े आठ साल में देश रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में जिस प्रकार से आगे बढ़ा है, उसी से प्रेरणा लेकर हमने यूपी में काम शुरू किया। यह महसूस किया गया कि 25 करोड़ जनता की आय में कई गुना वृद्धि करनी है तो हमें इन्फ्रास्ट्रक्चर पर ध्यान देना ही होगा। इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए इंटरस्टेट कनेक्टिविटी पर सबसे ज्यादा फोकस किया गया। हम कोरोना के आगे ना रुके ना झुके  मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने कोरोना महामारी के काल में भी अपने दो पिछड़े क्षेत्रों पूर्वांचल और बुंदेलखंड को वर्ल्ड क्लास एक्सप्रेस वे के साथ जोड़ा। हम कोरोना के सामने रुके नहीं और झुके भी नहीं। इसके अलावा दिल्ली मेरठ 12 लेन एक्सप्रेस वे को न सिर्फ बनाया बल्कि राष्ट्र को समर्पित भी किया। इसके साथ ही आज यूपी एफडीआर तकनीक को सबसे सफलतापूर्वक लागू करने वाला राज्य है। हमारी ग्रामीण सड़कें इसी तकनीक से बन रही हैं। इससे हम एक तिहाई कम लागत में ज्यादा टिकाऊ सड़कें बना रहे हैं। लकीर के फकीर ना बनें हम तकनीकी विशेषज्ञों से मुखातिब होते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा समाज भगवान विश्वकर्मा की पूजा करने वाला है, मगर तकनीक की बात आते ही अक्सर हम पश्चिमी देशों की ओर देखने लगते हैं। हमें इस पर मंथन करना चाहिए। हमारे तकनीकी विशेषज्ञ कभी-कभी लकीर के फकीर बने रहते हैं। हमें नए सिरे से सोचने और नई परिस्थिति के अनुसार खुद को ढालने के लिए तैयार होना होगा। इनोवेटिव आइडिया के लिए यूपी देगा मेडल मुख्यमंत्री ने अधिवेशन के मंच से रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर में इनोवेटिव आइडिया के लिए यूपी की ओर से प्रतिवर्ष मेडल देने का एलान किया। उन्होंने कहा कि आईआरसी हर साल अपने अधिवेशन के माध्यम से रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर में इनोवेटिव आईडिया के लिए अपने कुछ मेडल जारी करता है। मैं यहां पर यूपी मेडल फॉर इनोवेटिव टेक्नॉलॉजी इन रोड टेक्नोलॉजी एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रदान करने की घोषणा करता हूं। मैं आईआरसी से कहूंगा कि वो यूपी सरकार की ओर से प्रतिवर्ष इसे जारी करें, इसके लिए जो भी खर्च आएगा वो यूपी सरकार वहन करेगी। रोड सेफ्टी पर जरूर मंथन करें इंजीनियर  सड़क सुरक्षा के मुद्दे पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गलत इंजीनियरिंग के कारण हर साल बहुत से लोगों की जान चली जाती है। कोरोना जैसी महामारी के दौरान यूपी के अंदर लगभग 23600 मौतें हुई हैं, लेकिन अगर सड़क दुर्घटनाओं की बात करें तो हर साल 20 हजार मौतें हो रही हैं। ये मौतें हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती हैं। मैं चाहता हूं कि अगले तीन दिन तक चलने वाले इंडियन रोड कांग्रेस के इस अधिवेशन में आप सभी तकनीकी विशेषज्ञ इस बात पर मंथन करें कि कैसे टेक्नोलॉजी का उपयोग करके हम रोड एक्सिडेंट को कम कर सकते हैं। 2024 तक अमेरिका की तरह होंगी देश की सड़कें केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस अवसर पर कहा कि मैं आप सभी से अपील करता हूं की लागत घटाकर गुणवत्ता बढ़ाने का प्रयास करें। इससे हम बेहतर सड़क दे सके। भारत एक विकासशील देश है। पूंजीपति नहीं है, एक एक रुपए की वैल्यू है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मैं आपसे वादा करता हूं 2024 के पहले देश की सड़कों को यूएसए की तरह बना दिया जाएगा। यूपी में पराली को हटाकर बायो बिटवीन बनाया जाए। इससे हम बाहर से आयात न कर सकें और आत्मनिर्भर बन सकें। आज आप इथनाल बना रहे हैं। मैने इसे बहुत पहले से ही लागू किया है। 5 लाख करोड़ 2024 तक यूपी को दूंगा। 8हजार करोड़ आज ही आपको दे रहा हूं। 1हजार करोड़ रुपए का आरोबी भी मंजूर कर रहा हूं। इसे आप रील समझिए फिल्म अभी बाकी है।

Check Also

public distribution system India-बहराइच में कोटेदार पर घटतौली का आरोप, ग्रामीणों ने की शिकायत

बहराइच में कोटेदार पर घटतौली का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश बहराइच जिले के नानपारा तहसील …