टॉप न्यूज़देश

Red Fort Blast : लाल किला ब्लास्ट में बड़ा खुलासा, कार में ही था डॉक्टर उमर, NIA चार्जशीट में 13 आरोपी

लाल किला ब्लास्ट: कार में ही बैठा था डॉक्टर उमर, NIA चार्जशीट में 13 आरोपी; ‘मदर ऑफ शैतान’ विस्फोटक का जिक्र

नई दिल्ली: दिल्ली के लाल किला इलाके में 10 नवंबर 2025 को हुए भीषण ब्लास्ट की जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। एजेंसी ने मामले में 13 लोगों को आरोपी बनाया है। चार्जशीट में दावा किया गया है कि इस हमले का मुख्य साजिशकर्ता डॉ. उमर उन नबी था और धमाके के समय वह Hyundai i20 कार के अंदर ही मौजूद था।

NIA के मुताबिक, घटनास्थल से मिले जैविक नमूनों की जांच और DNA प्रोफाइलिंग से उमर की पहचान हुई। जांच एजेंसी का कहना है कि कार को विस्फोटक से लैस किया गया था और इसी वाहन का इस्तेमाल हमले में किया गया। लाल किला के पास हुए इस धमाके में 11 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 29 लोग घायल हुए थे।

कार में मिला कमांड मैकेनिज्म बना अहम सबूत

चार्जशीट में एक कमांड मैकेनिज्म का भी उल्लेख है, जिसे धमाके वाली कार के पास से बरामद किए जाने की बात कही गई है। NIA के अनुसार, इस उपकरण पर विस्फोटक पदार्थों के निशान मिले। जांच एजेंसी ने इसे विस्फोटक को नियंत्रित तरीके से सक्रिय किए जाने से जोड़ते हुए अहम सबूत बताया है।

जांच के दौरान कुल 73 एग्जिबिट जब्त किए गए। इनमें से 64 नमूनों की जांच CFSL चंडीगढ़ और 9 नमूनों की जांच NFSU गांधीनगर में कराई गई। NIA के मुताबिक, जांच में TATP के साथ अमोनियम नाइट्रेट और पोटैशियम नाइट्रेट की मौजूदगी सामने आई।

‘Mother of Satan’ का भी चार्जशीट में जिक्र

विशेषज्ञ रिपोर्ट के आधार पर NIA ने दावा किया है कि धमाके में TATP नामक विस्फोटक का इस्तेमाल हुआ। इसे कई रिपोर्टों में ‘Mother of Satan’ के नाम से भी जाना जाता है। चार्जशीट में TATP को बेहद संवेदनशील विस्फोटक बताते हुए कहा गया है कि इसकी प्रकृति के कारण यह गंभीर सुरक्षा खतरा पैदा कर सकता है।

87 तस्वीरों से सामने आया हथियारों का कनेक्शन

चार्जशीट के मुताबिक, आरोपी शाहीन सईद के पेन ड्राइव से 87 तस्वीरें बरामद हुईं। इनमें कुछ आरोपी हथियारों के साथ दिखाई दे रहे हैं। NIA ने आरोपियों के संबंध अंसार गजवात-उल-हिंद (AGuH) और AQIS से जुड़े होने का भी दावा किया है।

जांच एजेंसी के अनुसार, फरीदाबाद स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी के बाहर किराए के ठिकाने से संदिग्ध रसायन, लैब उपकरण, टाइमर और बैटरियां बरामद हुई थीं। चार्जशीट में इन बरामदगियों को कथित आतंकी साजिश की अहम कड़ी बताया गया है।

नौगाम थाने में हुए धमाके का भी कनेक्शन

NIA की चार्जशीट में 14 नवंबर 2025 को नौगाम पुलिस स्टेशन परिसर में हुए धमाके का भी उल्लेख है। जांच के दौरान बरामद सामग्री को पुलिस स्टेशन लाया गया था, जिसके बाद वहां विस्फोट हुआ। इस घटना में 9 पुलिसकर्मियों की मौत और 29 लोगों के घायल होने की बात चार्जशीट में दर्ज है।

जांच एजेंसी का दावा है कि लाल किला ब्लास्ट, बरामद सामग्री और आरोपियों के बीच कई महत्वपूर्ण कड़ियां सामने आई हैं। फिलहाल मामले में NIA की चार्जशीट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button