
वैशाली: बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी के नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं। ताजा मामला वैशाली जिले का है, जहां पुलिस और उत्पाद विभाग ने संयुक्त कार्रवाई में करीब 6132 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। तस्करों ने ट्रक में ऊपर जीरा पानी की बोतलें रखकर नीचे विदेशी शराब छिपा दी थी, ताकि जांच एजेंसियों की नजर से बचा जा सके। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
वैशाली पुलिस ने ऑपरेशन नीलकंठ के तहत मिली गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना क्षेत्र में ट्रक की घेराबंदी की। तलाशी के दौरान ट्रक में ऊपर जीरा पानी के डिब्बे मिले, लेकिन नीचे बड़ी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी। इसके अलावा बलिगांव थाना क्षेत्र के अगरेल खुर्द गांव में भी छापेमारी कर विदेशी शराब और बीयर बरामद की गई।
ट्रक से मिली हजारों लीटर शराब
उत्पाद विभाग के अनुसार कार्रवाई के दौरान विभिन्न ब्रांड की बीयर और विदेशी शराब की हजारों बोतलें बरामद की गईं। इनमें किंगफिशर बीयर के अलावा 375 एमएल और 180 एमएल की व्हिस्की की बड़ी खेप शामिल है। कुल मिलाकर 6132 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई।
दो बड़े शराब माफिया रडार पर
वैशाली के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ट्रक का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। जांच में जिले के दो कथित शराब तस्करों विपिन सिंह और पंकज ठाकुर का नाम सामने आया है। दोनों समेत ट्रक चालक और खलासी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज
उत्पाद विभाग और पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी में शामिल पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। अधिकारियों का दावा है कि शराब तस्करी पर लगाम लगाने के लिए जिले में अभियान लगातार जारी रहेगा।




