जालौन
उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद में उरई-कोंच रोड पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार से जा रही एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार से धुआं निकलने लगा और कुछ ही क्षणों में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। कार में सवार चार लोग अंदर फंस गए और जान बचाने के लिए चीख-पुकार करने लगे। घटना को देखकर मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत साहस दिखाया और कार के शीशे तोड़कर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना उरई-कोंच मार्ग पर मनोरी गांव के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक कार सवार चारों लोग उरई से अपने गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक कार में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद इंजन से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं और कार धू-धू कर जलने लगी।
कार में बैठे लोगों को जब तक कुछ समझ आता, तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी। अंदर बैठे लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे। सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिना देर किए कार के शीशे तोड़े और एक-एक कर सभी लोगों को बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अगर कुछ मिनट और देरी हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही कोंच दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सभी कार सवार सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
View this post on Instagram
आग लगने की घटना के बाद कुछ देर तक उरई-कोंच रोड पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कराया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में वाहनों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि वाहन की नियमित सर्विसिंग और वायरिंग की जांच कराकर इस तरह की घटनाओं से बचा जा सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal