Wednesday , May 6 2026

Student drowning case- कानपुर के परमट घाट पर दर्दनाक हादसा, गंगा में डूबे दो दोस्त—एक की मौत, दूसरे को बचाया गया

कानपुर नगर | रिपोर्ट: विकास सिंह राठौड़

कानपुर नगर के ग्वालटोली थाना क्षेत्र स्थित परमट घाट पर सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां गंगा स्नान के दौरान दो किशोर दोस्त डूब गए। इस घटना में एक युवक को गोताखोरों ने सुरक्षित बचा लिया, जबकि दूसरे को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, परेड स्थित चंद्रेश्वर हाता निवासी प्रदीप कुमार का 17 वर्षीय बेटा अनुराग कश्यप और बाकरगंज टीपी नगर निवासी रजनीश कुमार सोनी का 16 वर्षीय बेटा नितिन कुमार सोनी, दोनों ग्रीनपार्क स्टेडियम स्थित वेटलिफ्टिंग एकेडमी के छात्र थे। सोमवार शाम दोनों परमट मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे।

दर्शन करने के बाद दोनों गंगा नदी में स्नान करने उतर गए। इसी दौरान अचानक दोनों गहराई में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने उनकी चीख-पुकार सुनी, जिसके बाद तत्काल गोताखोरों को सूचना दी गई।

गोताखोरों ने तत्परता दिखाते हुए अनुराग कश्यप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, नितिन कुमार सोनी को बेहोशी की हालत में पानी से निकाला गया और तुरंत उर्सुला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही कर्नलगंज एसीपी और ग्वालटोली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और गोताखोरों की टीम द्वारा देर तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। घटना के बाद परमट घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि परमट घाट पर पहले भी इस तरह के हादसे हो चुके हैं। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस इंतजाम नजर नहीं आता। लोगों ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घाट पर सतर्कता बढ़ाने और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं।

Check Also

West Bengal elections – बंगाल में भाजपा की जीत पर बुलंदशहर में भाजपा जिला कार्यालय पर जश्न का माहौल

बुलंदशहर: पश्चिम बंगाल, असम एवं पांडिचेरी में भारतीय जनता पार्टी की जीत की खबर आते …