उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर केस का मुख्य आरोपी जीतू सैनी आखिरकार पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया। “बर्थडे बॉय” के नाम से चर्चित जीतू सैनी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को जीतू सैनी की लोकेशन मिलने के बाद स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें जीतू सैनी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस मुठभेड़ में SOG प्रभारी इंस्पेक्टर मोहम्मद असलम और एक अन्य सिपाही को भी गोली लगने से चोट आई है। दोनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
गौरतलब है कि 25/26 अप्रैल की रात एक बर्थडे पार्टी के दौरान हुए विवाद में जीतू सैनी और उसके साथियों ने अमरदीप सैनी, मनीष सैनी और आकाश सैनी की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की थीं।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक स्कूटी, पिस्टल और अन्य सामान बरामद किया है। मृत आरोपी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है।
बुलंदशहर के एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस की सतर्कता और त्वरित रणनीति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इस पूरी घटना ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस हर स्तर पर सक्रिय है और गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्ती से निपटा जा रहा है।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal