उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जनपद के बांकेगंज क्षेत्र में अंबेडकर जयंती के अवसर पर उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापना को लेकर एक ही समाज के दो गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद झड़प में बदल गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच प्रतिमा स्थापना को लेकर पहले से ही मतभेद चल रहे थे। अंबेडकर जयंती के मौके पर जब मूर्ति स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू हुई, तभी दोनों गुट आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इस दौरान हुई छीना-झपटी में प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे विवाद और बढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। डीएम और एसपी तत्काल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया। ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
इस मामले में अमित कुमार राय (एडिशनल एसपी पश्चिमी) ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह सामान्य है और शांति बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें।
फिलहाल बांकेगंज क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है और प्रशासन हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हो सकें।




