Hardoi accident news-हरदोई में ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बिजली खंभे को मारी टक्कर, कई घरों की सप्लाई ठप

हरदोई: ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त, कई घरों की आपूर्ति ठप

हरदोई जिले के कोतवाली शहर क्षेत्र अंतर्गत मंगली पुरवा में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बिजली के खंभे में जोरदार टक्कर मार दी। यह घटना आत्माराम फ्लोर मिल के गोदाम के पास हुई, जहां प्रतिदिन भारी मात्रा में ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली की आवाजाही होती रहती है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 6 बजे तेज रफ्तार और ओवरलोड ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे विद्युत खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आसपास के कई घरों की बिजली आपूर्ति तुरंत बाधित हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और बिजली विभाग को सूचना दी गई। सूत्रों के मुताबिक, कुछ ही देर में पुलिसकर्मी और विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि उन्होंने स्थिति का स्थायी समाधान करने के बजाय केवल औपचारिकता निभाई और मौके से चले गए। क्षेत्रीय लोगों का यह भी कहना है कि संभवतः जिम्मेदार लोगों से क्षतिपूर्ति लेकर मामले को वहीं दबा दिया गया।

हादसे के कई घंटे बीत जाने के बावजूद न तो क्षतिग्रस्त खंभे की मरम्मत की गई और न ही बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी, जिससे क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि अगर समय रहते खंभे की मरम्मत नहीं की गई, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

गौरतलब है कि आत्माराम फ्लोर मिल के गोदाम में लगातार ओवरलोड वाहनों की आवाजाही होती है, जिससे इस तरह की घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त विद्युत खंभे की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल की जाए।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर लापरवाही पर क्या कदम उठाता है और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए क्या ठोस व्यवस्था की जाती है।

Check Also

PM Modi Foreign Tour- PM मोदी इटली दौरा खत्म कर भारत के लिए रवाना, कल शाम 4 बजे कैबिनेट बैठक

6 नई दिल्ली Narendra Modi अपने पांच देशों के विदेश दौरे के अंतिम चरण को …