Thursday , April 2 2026

  Uttar Pradesh crime-गुरसहायगंज में 3 साल की बच्ची का अपहरण, मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार

कन्नौज के गुरसहायगंज क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 3 वर्षीय मासूम बच्ची के अपहरण की सनसनीखेज वारदात सामने आई। हालांकि पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया और आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

मामला गुरसहायगंज थाना क्षेत्र का है, जहां एक 3 वर्षीय मासूम बच्ची को आरोपी अकील (32) बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। परिजनों ने जब बच्ची को घर पर नहीं पाया तो उनकी चिंता बढ़ गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और बच्ची की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गईं।

एसओजी, सर्विलांस टीम और स्थानीय थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। काफी तलाश के बाद पुलिस को सूचना मिली कि बच्ची को एक संदिग्ध व्यक्ति द्वारा ले जाया गया है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी शुरू की।

इसी दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में आरोपी अकील के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही दबोच लिया गया। पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस और खोखा भी बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाने की बात कबूल कर ली है।

वहीं, पुलिस द्वारा बरामद की गई बच्ची बोरे में घायल अवस्था में मिली, जिसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में बच्ची का इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्राथमिक जांच में बच्ची के साथ किसी प्रकार के यौन उत्पीड़न की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है।

“सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने तेजी से कार्रवाई की। आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची सुरक्षित है और उसका इलाज जारी है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।”

इस घटना ने क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया है, लेकिन पुलिस की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे मामले का जल्द खुलासा करने में जुटी हुई है।

Check Also

Student Suicide Shock : शिक्षिका की फटकार से आहत मासूम ने दी जान, स्कूल व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

कन्नौज जिले के सौरिख थाना क्षेत्र के बेहटा रामपुर गांव से एक दर्दनाक और चिंताजनक …