Saturday , March 28 2026

family poisoning case-दूसरी पत्नी बनी मुसीबत—नशीली दवा देकर ज्वेलरी व नगदी लेकर फरार

अलीगढ़ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पहली पत्नी की मौत के बाद बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए एक युवक ने दूसरी शादी की, लेकिन वही शादी उसके लिए परेशानी का कारण बन गई। आरोप है कि दूसरी पत्नी ने पहले विश्वास जीता, फिर पूरे परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर घर में रखी ज्वेलरी और नगदी लेकर फरार हो गई। पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।

पूरा मामला थाना सासनी गेट क्षेत्र के दुर्गापुरी पटेल नगर का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले बंटी नाम के व्यक्ति ने अपनी पहली पत्नी की मौत के बाद अपने तीन बच्चों के पालन-पोषण और भविष्य को ध्यान में रखते हुए पला साहिबाबाद की रहने वाली सिमरन नाम की महिला से करीब एक वर्ष पहले दूसरी शादी की थी।

शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा। सिमरन करीब छह महीने तक अपने पति और बच्चों के साथ रही, लेकिन अचानक एक दिन वह बिना बताए घर छोड़कर चली गई। परिवार ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। करीब छह महीने बाद सिमरन वापस लौट आई और अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। उसने पति से दोबारा साथ रखने की गुहार लगाई, जिस पर बंटी ने बच्चों के भविष्य और परिवार की स्थिति को देखते हुए उसे एक और मौका दे दिया।

लेकिन यह फैसला परिवार के लिए भारी पड़ गया। आरोप है कि एक महीने तक सामान्य तरीके से रहने के बाद सिमरन ने एक साजिश रची। उसने घर के सभी सदस्यों को खाने में नशीली दवा मिला दी, जिससे पूरा परिवार गहरी नींद में सो गया। इसी दौरान उसने घर में रखी सोने-चांदी की ज्वेलरी और करीब 45 हजार रुपये नकद समेटे और तड़के सुबह फरार हो गई।

सुबह जब परिवार के लोगों की आंख खुली तो सिमरन घर से गायब थी। घर का सामान बिखरा पड़ा था और कीमती जेवरात व नगदी भी नहीं मिले। इसके बाद परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

पीड़ित पति बंटी ने बताया कि उसकी पहली पत्नी लंबे समय से बीमार थी और लीवर खराब होने के कारण उसकी मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उसके भाइयों ने उसकी दूसरी शादी सिमरन से कराई थी। बंटी के मुताबिक,
“वह पहले छह महीने मेरे साथ रही, फिर बिना बताए चली गई। छह महीने बाद वापस आई तो माफी मांगी, पैर छुए, कहा गलती हो गई है। मैंने उसे रख लिया, लेकिन एक महीने बाद उसने हम सबको खाने में नशीली दवा दे दी और घर का सारा सामान लेकर भाग गई। हम लोग सोते रह गए।”

बंटी ने यह भी बताया कि उसने सिमरन के परिजनों से संपर्क किया, लेकिन वहां से भी कोई मदद नहीं मिली। अब उसने थाना सासनी गेट में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, उसने अपनी पत्नी का पता बताने वाले को उचित इनाम देने की भी घोषणा की है।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी महिला की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

यह घटना न सिर्फ एक परिवार के साथ धोखाधड़ी की कहानी है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि जल्दबाजी में लिए गए फैसले कभी-कभी गंभीर परिणाम दे सकते हैं। फिलहाल पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद में है और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहा है।

Check Also

women respect campaign-सिद्धार्थनगर में डीएम ने कन्याओं के पैर पखार कर किया पूजन

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार महिला सशक्तिकरण और कन्या सम्मान की परंपरा को जमीनी स्तर …