हमीरपुर जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है, जहां रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया। मुस्करा थाना क्षेत्र के बिहूनी गांव में एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे स्थित परचून की दुकान में जा घुसा। इस दर्दनाक हादसे में दुकानदार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दुकान के पास सो रहे कई लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 10 बजे हमीरपुर की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक बिहूनी गांव के पास अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रक सीधे सड़क किनारे बनी परचून की दुकान में जा घुसा। हादसे के समय दुकानदार दुकान के अंदर मौजूद था, जिसकी ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसने पहले दुकान से सटे शौचालय को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया, इसके बाद नीम के पेड़ और दीवार को तोड़ते हुए दुकान के अंदर तक जा घुसा। हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहमकर बाहर निकल आए। गनीमत यह रही कि दुकान के बगल में सो रहे अन्य लोग सुरक्षित बच गए, नहीं तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मुस्करा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
घटना के बाद मृतक दुकानदार के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव के लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार आम बात हो गई है, जिससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर गति नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब तक तेज रफ्तार वाहन यूं ही लोगों की जान लेते रहेंगे?
क्या फरार ट्रक चालक को पुलिस जल्द गिरफ्तार कर पाएगी और क्या इस मार्ग पर भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए कोई ठोस कदम उठाए जाएंगे?
फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal