Uncategorizedउत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़दुनियादेशराज्य

Land Dispute Violence कन्नौज— जमीनी विवाद में खेत बना जंग का मैदान, महिलाओं पर दौड़ा-दौड़ाकर हमला, वीडियो वायरल

कन्नौज जनपद के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रूपपुर गांव में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते लाठी-डंडों की खुली लड़ाई में तब्दील हो गया, जिससे पूरा इलाका दहशत में आ गया। घटना के दौरान खेत जंग का मैदान बन गया, जहां दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई।

बताया जा रहा है कि जमीन के कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि एक पक्ष के आधा दर्जन से अधिक महिला व पुरुषों ने मिलकर दूसरे पक्ष की महिलाओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मारपीट में महिलाएं बुरी तरह घायल हो गईं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान एक महिला के कान से गहने, गले में पहना मंगलसूत्र और सोने की चेन भी लूट ली।

घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दबंग खुलेआम लाठी-डंडों से महिलाओं और पुरुषों पर हमला कर रहे हैं। महिलाएं जान बचाने के लिए इधर-उधर भागती नजर आ रही हैं, लेकिन हमलावर उनका पीछा कर बेरहमी से पीटते दिखाई दे रहे हैं।

पीड़ितों का आरोप है कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस द्वारा समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी कारण दबंगों के हौसले और बुलंद हो गए। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पुलिस ने निष्पक्ष जांच कर जल्द कार्रवाई नहीं की तो स्थिति और बिगड़ सकती है। वहीं, वायरल वीडियो के बाद पुलिस महकमे पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। अब देखना यह होगा कि क्या पीड़ितों को न्याय मिल पाता है या दबंगों का दबदबा यूं ही कायम रहता है।

स्थान— रूपपुर गांव, गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र, कन्नौज

Related Articles

Back to top button