हमीरपुर के सुमेरपुर में कथित धर्मांतरण और लव जिहाद मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे चौथे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मेडिकल परीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में हुई गतिविधियां भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, हमीरपुर जनपद के सुमेरपुर कस्बे में बीते दिनों कथित धर्मांतरण और लव जिहाद से जुड़ा मामला सामने आया था, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। इस प्रकरण में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि एक आरोपी मोहम्मद फहीम उर्फ लाला खान पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थी।
इसी क्रम में पुलिस को बड़ी सफलता मिली और फरार चल रहे आरोपी मोहम्मद फहीम उर्फ लाला खान को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सुमेरपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण के लिए लाया गया, जहां पुलिस की कड़ी निगरानी में उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
मेडिकल परीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में उस समय हलचल मच गई, जब आरोपी के साथ उसके चाचा पप्पू खान और एक अन्य व्यक्ति अज्जू मियां की मौजूदगी सामने आई। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूत्रों के अनुसार, अज्जू मियां पहले भी इस मामले में जेल जा चुका है और अस्पताल परिसर में उसने कथित तौर पर अपना नाम बदलकर “अजीत” बताया, जिसे लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि अज्जू मियां किस हैसियत से आरोपी के साथ मौजूद था और क्या उसने पहचान छिपाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पहलू की गहन जांच की जा रही है और यदि कोई तथ्य सामने आता है तो उसके खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने की तैयारी में जुट गई। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और धर्मांतरण से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है।
गौरतलब है कि सुमेरपुर में सामने आए इस कथित धर्मांतरण और लव जिहाद मामले ने क्षेत्र में काफी चर्चा बटोरी थी। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश भी देखने को मिला था। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई से लोगों को न्याय की उम्मीद जगी है। अब देखना होगा कि जांच में आगे और क्या खुलासे होते हैं और पुलिस इस मामले में कब तक पूरी सच्चाई सामने लाती है।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal