Thursday , February 5 2026

District hospital referral-बलरामपुर में दबंगों का तांडव, युवक पर जानलेवा हमला

बलरामपुर जनपद से दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है। श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।

मामला बलरामपुर जनपद के थाना श्रीदत्तगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गौर गोमड़ी स्थित खान ईंट भट्ठा का है। बताया जा रहा है कि यहां पुरानी रंजिश को लेकर कुछ दबंग किस्म के लोगों ने एक युवक को घेर लिया और उस पर अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिसमें उसके सिर पर गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ा।

घटना के बाद ईंट भट्ठा परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव किया और घायल युवक के परिजनों को सूचना दी। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। लेकिन युवक की हालत गंभीर होने के चलते उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पीड़ित युवक ने इस पूरे मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर से शिकायत की है। उसने आरोप लगाया है कि हमलावरों के साथ उसकी पुरानी रंजिश चल रही थी और इसी को लेकर उस पर जान से मारने की नीयत से हमला किया गया। पीड़ित का कहना है कि आरोपी लगातार उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार भय और दहशत के माहौल में जीने को मजबूर है।

पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

इस घटना के बाद क्षेत्र में भी लोगों के बीच भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते दबंगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो ऐसे तत्वों के हौसले और बढ़ सकते हैं।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन कब तक आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करता है और पीड़ित परिवार को न्याय व सुरक्षा दिला पाता है।

Check Also

Traffic mismanagement-उरई में भीषण जाम से हाहाकार, अवैध पार्किंग ने बिगाड़ी यातायात व्यवस्था

उरई शहर में बुधवार की रात यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई। कोच बस …