उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक महिला और एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मामला बिजनौर जनपद के थाना धामपुर क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि शहजादपुर निवासी विकास अपनी पत्नी मंजू और दो बेटियों के साथ करमचंद ढाका में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाइक से जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक 74 नेशनल हाईवे पर पेट्रोल पंप के पास, राजपूताने क्षेत्र में पहुंची, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। इस हादसे में विकास की पत्नी मंजू और बेटी सृष्टि की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि विकास और उसकी दूसरी बेटी घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना धामपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल पिता और बच्ची को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों और ट्रक चालकों की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वाइट — अभय कुमार पांडेय, पुलिस क्षेत्राधिकारी, धामपुर
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि ट्रक की टक्कर से हादसा हुआ है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal