
बलरामपुर जनपद के थाना गौरा क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया है। आरोपी युवक ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए खेत में काम करने जा रही नाबालिग को निशाना बनाया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता खेत में काम करने के लिए जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे 35 वर्षीय आरोपी युवक ने उसे जबरन पकड़ लिया और पास ही स्थित गन्ने के खेत में खींच ले गया। वहां आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता द्वारा विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की नीयत से हसिया से हमला कर दिया, जिससे वह कई जगह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। नाबालिग की हालत देखकर परिजन घबरा गए और तत्काल थाना गौरा पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता को इलाज व चिकित्सकीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मंगलवार देर रात आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस वाहन से ले जाते समय आरोपी ने चलती गाड़ी से कूदकर भागने की कोशिश की, जिसमें वह खुद घायल हो गया।
घायल अवस्था में आरोपी को इलाज के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया गया। इलाज पूरा होने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
इस पूरे मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विशाल पांडेय ने बताया कि नाबालिग के साथ दुष्कर्म और जानलेवा हमले के मामले में आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले की विवेचना गंभीरता से की जा रही है।
घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस प्रशासन ने पीड़िता और उसके परिवार को हर संभव मदद और सुरक्षा का भरोसा दिलाया है।
बाइट — विशाल पांडेय, अपर पुलिस अधीक्षक, बलरामपुर




