महिला आयोग की प्रदेश उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने जिले के महिला जिला अस्पताल और वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायज़ा लिया और कई गंभीर खामियों को लेकर अस्पताल प्रशासन को सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष ने महिला जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक पाए जाने को एक सकारात्मक संकेत बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं का बड़ी संख्या में अस्पताल तक पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर विश्वास बना हुआ है, लेकिन इसके साथ ही सुविधाओं का बेहतर होना भी उतना ही आवश्यक है।
हालांकि निरीक्षण के दौरान कई कमियां भी सामने आईं। महिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती न होने के कारण मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जांच के अभाव में महिलाओं को बाहर निजी जांच केंद्रों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की दिक्कतें हो रही हैं।
इसके अलावा अस्पताल में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। वार्डों और परिसर में गंदगी देख प्रदेश उपाध्यक्ष ने नाराजगी जताई और तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कुछ मरीजों ने सही उपचार न मिलने की भी शिकायत की। वहीं कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि इलाज के नाम पर आशा वर्कर द्वारा उनसे पैसे लिए गए हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए चारु चौधरी ने अस्पताल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि इस तरह की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वन स्टॉप सेंटर के निरीक्षण में भी उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं, स्टाफ की मौजूदगी और पीड़ित महिलाओं को मिलने वाली सहायता की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी पीड़ित महिला को सहायता पाने में कोई परेशानी न हो और सभी व्यवस्थाएं पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित हों।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने सभी शिकायतों और खामियों को गंभीर बताते हुए अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि इन समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में पुनः निरीक्षण के दौरान यदि लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बाइट —
चारु चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष, महिला आयोग
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal