बांदा जनपद में बुनियादी सुविधाओं को लेकर लोगों की परेशानियां एक बार फिर सामने आई हैं। बिजली खेड़ा मोहल्ले के दर्जनों लोग आज जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने दबंग व्यक्तियों द्वारा जल निकासी अवरुद्ध किए जाने और सड़क निर्माण रुकवाने की समस्या को लेकर जिलाधिकारी को लिखित ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई।
मामला बांदा नगर के बिजली खेड़ा मोहल्ला, वार्ड नंबर 1, गल्ला मंडी के पीछे का है। पीड़ितों का कहना है कि वे पिछले करीब 15 वर्षों से यहां मकान बनाकर रह रहे हैं और गल्ला मंडी के पीछे से निकलने वाले रास्ते का उपयोग आवागमन के लिए करते आ रहे हैं। आरोप है कि कुछ दबंग व्यक्तियों ने इस रास्ते को अवरुद्ध कर दिया है, जिससे मोहल्ले के लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर नगर पालिका द्वारा सड़क और नाली का निर्माण कार्य शुरू कराया गया था, ताकि क्षेत्र की जल निकासी की समस्या का समाधान हो सके। लेकिन दबंग व्यक्तियों ने निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को डरा-धमकाकर काम रुकवा दिया और नाली को भी अवरुद्ध कर दिया। इसके चलते पूरे मोहल्ले का गंदा पानी लोगों के घरों के पास जमा हो रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि जलभराव के कारण मोहल्ले में दुर्गंध फैली हुई है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी दिक्कत हो रही है, वहीं गंदे पानी के कारण कई तरह की बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों ने बताया कि बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है।
ज्ञापन के माध्यम से मोहल्ले वासियों ने मांग की है कि नाली और सड़क निर्माण कार्य को तत्काल पूरा कराया जाए और अवैध रूप से रास्ता व जल निकासी अवरुद्ध करने वाले दबंग व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें इस गंभीर समस्या से निजात मिल सके।
इस मौके पर सत्यप्रकाश, हरिश्चंद्र, रामकेश वर्मा, सरोज कुमारी, सोनी, रामजीत, रामकरण, मिथलेश, अजय कुमार, रजवा, राजाबाबू, अशोक, रानी देवी, मोतीलाल सहित अन्य मोहल्लेवासी मौजूद रहे। सभी ने प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि सामान्य जनजीवन बहाल हो सके।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal