
बहराइच जिले में आज UGC के विरोध में स्वर्ण समाज के लोगों का आक्रोश सड़कों पर देखने को मिला। बड़ी संख्या में स्वर्ण समाज के लोग एकजुट होकर सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने UGC को काला कानून बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान स्वर्ण समाज के लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए। “UGC काला कानून वापस लो”, “मोदी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह कानून समाज के एक बड़े वर्ग के साथ अन्याय है और इससे सामाजिक संतुलन बिगड़ने का खतरा है।
स्वर्ण समाज के लोग नारेबाज़ी करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में UGC को पूरी तरह से वापस लेने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो यह आंदोलन और तेज किया जाएगा।
स्वर्ण समाज के नेताओं ने कहा कि यह सिर्फ एक जिले का आंदोलन नहीं है, बल्कि पूरे देश में स्वर्ण समाज इस कानून के खिलाफ एकजुट हो रहा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर UGC को वापस नहीं लिया गया, तो वे दिल्ली तक संघर्ष करने को मजबूर होंगे।
प्रदर्शन के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए थे। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पूरी तरह से शांतिपूर्ण बनी रही। किसी भी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
फिलहाल स्वर्ण समाज के लोगों ने सरकार से मांग की है कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए UGC को तुरंत वापस लिया जाए, ताकि समाज में शांति और सद्भाव बना रहे।




