Sunday , February 1 2026

Illegal Brick Kilns-बहराइच में अवैध चार ईंट भट्ठे सीज, संयुक्त टीम की बड़ी कार्रवाई

बहराइच जिले में अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त छापेमारी के दौरान चार अवैध ईंट भट्ठों को सीज कर दिया गया। जांच में सामने आया कि इन भट्ठों के पास न तो प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से सीटीओ यानी कंसेंट टू ऑपरेट की अनुमति थी और न ही जिला पंचायत से संचालन का लाइसेंस प्राप्त किया गया था। इसके अलावा खनन विभाग में विनियमन शुल्क भी जमा नहीं किया गया था।

प्रशासन को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि जिले में कई ईंट भट्ठे बिना वैधानिक अनुमति के संचालित किए जा रहे हैं, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ सरकारी राजस्व को भी चूना लगाया जा रहा है। इसी क्रम में राजस्व विभाग, खनन विभाग, जिला पंचायत, जीएसटी विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

छापेमारी के दौरान चार ईंट भट्ठों की गहन जांच की गई, जिसमें पाया गया कि भट्ठा संचालकों ने नियमों को ताक पर रखकर संचालन शुरू कर दिया था।

जांच में स्पष्ट हुआ कि भट्ठों के पास प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनिवार्य सीटीओ स्वीकृति नहीं थी, जिला पंचायत से लाइसेंस नहीं लिया गया था और खनन विभाग में विनियमन शुल्क भी जमा नहीं किया गया था। नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने चारों ईंट भट्ठों को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया।

इसके साथ ही भट्ठों पर तैयार की गई कच्ची ईंटों को भी मौके पर ही नष्ट कराया गया, ताकि अवैध संचालन पूरी तरह रोका जा सके।

एसडीएम पयागपुर अश्वनी पांडेय ने बताया कि बिना अनुमति संचालित ईंट भट्ठों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी भट्ठा संचालकों को नियमानुसार अनुमति प्राप्त करने के बाद ही संचालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

खनन अधिकारी मनीष कुमार, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत वीरेन्द्र गुप्ता, असिस्टेंट कमिश्नर जीएसटी संदीप सिंह और उप प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अधिकारी भी कार्रवाई के दौरान मौजूद रहे।

कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए थाना पयागपुर और थाना विशेश्वरगंज की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात रही। प्रशासन की सख्ती को देखते हुए भट्ठा संचालकों में हड़कंप मच गया।

फिलहाल, प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई से अवैध ईंट भट्ठा संचालकों को साफ संदेश दिया गया है कि नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब देखना होगा कि जिले में अन्य अवैध रूप से संचालित भट्ठों पर आगे क्या कार्रवाई होती है।

Check Also

Anganwadi Recruitment-बलरामपुर में आंगनबाड़ी भर्ती घोटाला, रिश्वत लेते तीन आरोपी गिरफ्तार

जनपद बलरामपुर में आंगनबाड़ी चयन प्रक्रिया के नाम पर रिश्वत मांगने और लेने का गंभीर …