Sunday , February 1 2026

Jackal Attack-हमीरपुर में सियार का आतंक, खेत में काम कर रही बुजुर्ग महिला पर हमला

हमीरपुर जनपद के सरीला क्षेत्र से इस वक्त एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आ रही है, जहां खेड़ाशिलजीत गांव में सियार के हमले से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। खेत में काम कर रही एक बुजुर्ग महिला पर अचानक सियार ने हमला कर दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है, वहीं वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर सियार को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान चला रही है।

मामला हमीरपुर जनपद के सरीला क्षेत्र अंतर्गत खेड़ाशिलजीत गांव का है, जहां शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब खेत में काम कर रही एक बुजुर्ग महिला पर जंगल से आए सियार ने अचानक हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार, 65 वर्षीय कुपजा रानी अपने खेत स्थित निजी ट्यूबवेल पर जानवरों के लिए चारा काट रही थीं। इसी दौरान जंगल की ओर से निकले सियार ने अचानक उन पर झपट्टा मार दिया और दोनों हाथों को बुरी तरह काट लिया। अचानक हुए इस हमले से महिला घबरा गईं और जोर-जोर से चीखने लगीं।

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने शोर मचाकर और लाठियों से सियार को भगाने का प्रयास किया, जिसके बाद सियार जंगल की ओर भाग निकला। हमले में बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनके हाथों से काफी खून बह रहा था।

ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन सियार के काटने के कारण संक्रमण की आशंका को देखते हुए विशेष निगरानी में रखा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। डिप्टी रेंजर के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने गांव और आसपास के खेतों का निरीक्षण किया। वन विभाग द्वारा सियार को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया है। सियार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जाल लगाए जा रहे हैं और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है।

लगातार हो रहे वन्यजीव हमलों से गांव के लोग भयभीत हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल क्षेत्र से सटे गांवों में सियार और अन्य जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे खेतों में काम करना भी जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द सियार को पकड़ने और स्थायी समाधान की मांग की है।

BYTE – घायल महिला का परिजन
“अचानक सियार ने हमला कर दिया, हम लोग शोर मचाकर पहुंचे तब जाकर जान बच पाई। अब पूरे गांव में डर है।”

BYTE – वन विभाग अधिकारी
“सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई है। सियार को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।”

Check Also

Border 2 Storm : सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तूफान, नौवें दिन भी कायम धमाकेदार रफ्तार”

मुंबई। सनी देओल एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा कायम करने में सफल …