Wednesday , April 29 2026

Police Encounter-कानपुर में पुलिस मुठभेड़, चेन लूट का आरोपी गोली लगने के बाद गिरफ्तार

कानपुर नगर के रावतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार तड़के सुबह मुठभेड़ के दौरान एक लुटेरे को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। आरोपी पर पिछले महीने बुजुर्ग महिला से चेन लूट की वारदात को अंजाम देने का आरोप है।

कानपुर नगर के रावतपुर थाना पुलिस को गुरुवार तड़के एक बड़ी सफलता हाथ लगी, जब पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान नियाज़ अहमद उर्फ छुटकन निवासी गोंडा के रूप में हुई है।
पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि दलहन रोड की ओर कुछ लुटेरे आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक 15 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा, दो जिंदा कारतूस और 4500 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर 8 जनवरी को रावतपुर थाना क्षेत्र के केशवपुरम इलाके में एक बुजुर्ग महिला से चेन लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
डीसीपी वेस्ट एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि फरार दोनों आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Check Also

Facebook Account After Death: मौत के बाद कौन चलाएगा आपका अकाउंट? अब लिख सकेंगे डिजिटल वसीयत, जानें पूरा प्लान

डिजिटल दौर में हमारी पहचान सिर्फ असल जिंदगी तक सीमित नहीं रही, बल्कि सोशल मीडिया …