Sunday , February 1 2026

Road Accident Death-बिजनौर के चांदपुर में सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

बिजनौर जनपद के चांदपुर क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा चांदपुर–जलीलपुर मार्ग पर उस समय हुआ, जब एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस तथा 108 एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) स्याऊ ले जाया गया।

सीएचसी स्याऊ में मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 40 वर्षीय बंटी पुत्र हरिसिंह के रूप में हुई है, जो चांदपुर के मोहल्ला कायस्थान का निवासी था। डॉक्टरों के अनुसार युवक को अस्पताल लाए जाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी, जिसे मेडिकल भाषा में “ब्रॉड डेड” बताया गया है। इस संबंध में पुलिस को मेमो भी भेज दिया गया है।

मृतक के परिजनों ने बताया कि बंटी पेशे से प्लेज का काम करता था और मंगलवार देर शाम काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से चांदपुर-जलीलपुर मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुधारने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से लोगों की जान बचाई जा सके।

Check Also

Anganwadi Recruitment-बलरामपुर में आंगनबाड़ी भर्ती घोटाला, रिश्वत लेते तीन आरोपी गिरफ्तार

जनपद बलरामपुर में आंगनबाड़ी चयन प्रक्रिया के नाम पर रिश्वत मांगने और लेने का गंभीर …