बुलंदशहर जनपद से इस वक्त एक बड़ी ब्रेकिंग खबर सामने आ रही है, जहां स्याना कोतवाली पुलिस और एक बाइक सवार शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्याना में भर्ती कराया गया है।
पूरा मामला स्याना कोतवाली क्षेत्र के गांव हनीफ गढ़ी राणापुर बम्बे के पास का है। जानकारी के अनुसार स्याना कोतवाली पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस को देखते ही बाइक सवार शातिर बदमाश ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायर कर दिया और मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा। बदमाश की गोली से पुलिस टीम बाल-बाल बची। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल बदमाश को मौके से गिरफ्तार कर लिया और तुरंत उपचार के लिए सीएचसी स्याना भेजा।
पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से बदमाश के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद हथियारों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार घायल बदमाश की पहचान टीटू उर्फ सोनू के रूप में हुई है, जो गांव बक्सर, थाना सिंभावली, जनपद हापुड़ का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार टीटू उर्फ सोनू एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ हापुड़ और बुलंदशहर जनपद में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
बताया जा रहा है कि शातिर बदमाश स्याना क्षेत्र में हुई एक दुकान चोरी और एक ट्रैक्टर चोरी की घटना में भी वांछित चल रहा था। पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी और मुठभेड़ के दौरान उसे पकड़ने में सफलता मिली।
क्षेत्राधिकारी स्याना रामकरण ने बताया कि संदिग्ध चेकिंग के दौरान बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग की थी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश घायल हुआ। उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल, पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। शातिर बदमाश की गिरफ्तारी से क्षेत्र में चोरी और अपराध की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal