Sunday , February 1 2026

Police Encounter-औरैया में गौवध के 25 हजार के इनामी अभियुक्त से पुलिस की मुठभेड़

औरैया जनपद से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस और एक शातिर इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। गौवध के मामले में वांछित और 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त से पुलिस की यह मुठभेड़ जालौन रोड पर हुई, जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लग गई। घायल हालत में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, यह मुठभेड़ औरैया सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत जालौन रोड स्थित बीबीएस स्मृति स्कूल के पास हुई। पुलिस टीम देवकली चौकी के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गौवध के मामले में वांछित अभियुक्त कानपुर की ओर से जालौन रोड की तरफ आ रहा है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने जालौन रोड पर सतर्कता बढ़ा दी। कुछ ही देर में बीबीएस स्कूल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति खड़ा दिखाई दिया। जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने अचानक पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया और जंगल की ओर भागने लगा।

पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली अभियुक्त के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही अभियुक्त को दबोच लिया।

मुठभेड़ में घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार के लिए 50 शैय्या जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त बीते लगभग एक वर्ष से फरार चल रहा था और उस पर गौवध से जुड़े गंभीर मुकदमे दर्ज थे। अभियुक्त की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पूरे मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और अभियुक्त से पूछताछ भी जारी है।

इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस क्षेत्राधिकारी औरैया अशोक कुमार सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि पुलिस चेकिंग के दौरान अभियुक्त ने पुलिस टीम पर फायर किया था, जिसके बाद आत्मरक्षा में कार्रवाई करनी पड़ी।

फिलहाल, पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। लंबे समय से फरार चल रहे इनामी अभियुक्त की गिरफ्तारी से जिले में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस को बड़ी राहत मिली है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Check Also

Anganwadi Recruitment-बलरामपुर में आंगनबाड़ी भर्ती घोटाला, रिश्वत लेते तीन आरोपी गिरफ्तार

जनपद बलरामपुर में आंगनबाड़ी चयन प्रक्रिया के नाम पर रिश्वत मांगने और लेने का गंभीर …