Thursday , March 19 2026

Land Dispute News-स्टे आदेश के बावजूद खड़ी फसल में खुदाई का आरोप, गन्ने के खेत में आग लगने का वीडियो वायरल

सदर तहसील क्षेत्र।
सदर तहसील क्षेत्र के मौजा आनेपुर में गाटा संख्या 95 से जुड़े भूमि विवाद ने तूल पकड़ लिया है। विवादित भूमि पर न्यायालय का स्टे आदेश प्रभावी होने के बावजूद खड़ी गेहूं और गन्ने की फसल के बीच नींव खोदने का कार्य किए जाने का आरोप लगाया गया है। इस दौरान गन्ने के खेत में आग लगने की घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, गाटा संख्या 95 पर लंबे समय से विवाद चल रहा है और इस भूमि को लेकर न्यायालय द्वारा यथास्थिति (स्टे) का आदेश जारी किया गया है। इसके बावजूद मौके पर जेसीबी और ट्रैक्टर लगाकर जमीन में खुदाई और नींव डालने का कार्य किया जा रहा था, जो न्यायालय के आदेश का खुला उल्लंघन बताया जा रहा है।

इसी दौरान गन्ने के खेत में आग लग गई, जिसका वीडियो ग्रामीणों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।

मौके पर मौजूद महिलाओं ने आरोप लगाया कि जेसीबी और ट्रैक्टर की कार्रवाई के दौरान ही गन्ने के खेत में आग लगाई गई, जिससे किसानों की फसल को भारी नुकसान हुआ है। महिलाओं का कहना है कि खड़ी फसल के बीच इस तरह की कार्रवाई पूरी तरह अवैध है और इससे उनकी आजीविका पर सीधा असर पड़ा है।

ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि स्टे आदेश के दौरान न तो पैमाइश कराई जा सकती है और न ही कब्जा अथवा निर्माण संबंधी कोई कार्य किया जा सकता है। इसके बावजूद प्रशासनिक संरक्षण में कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है।

घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई को अवैध बताया। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध है और न्यायालय के आदेशों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है, लेकिन वायरल वीडियो के बाद अब जांच की मांग तेज हो गई है।

Check Also

Sirsi Makhadumpur Phoolsinha conflict-संभल में 160 बीघा सरकारी जमीन पर विवाद, दलित परिवार और ग्रामीण आमने-सामने

संभल (उत्तर प्रदेश)। जनपद संभल के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के नगर पंचायत सिरसी और …