Wednesday , April 29 2026

Gonda News-सफाई कर्मचारी संघ की मासिक बैठक में बड़ा निर्णय, जल्द होंगे सभी ब्लॉकों के चुनाव

गोंडा (उत्तर प्रदेश)।
पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ, गोंडा की मासिक बैठक में संगठन को मजबूत करने और चुनावी प्रक्रिया को गति देने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक का आयोजन चौधरी चरण सिंह सिंचाई डाक बंगला में किया गया, जिसकी अध्यक्षता नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष राघवेंद्र तिवारी ने की।

इस बैठक में जनपद के सोलह विकास खंडों से आए ब्लॉक अध्यक्ष, ब्लॉक महामंत्री, ब्लॉक कोषाध्यक्ष, संगठन मंत्री और संप्रेक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक में संगठन की कार्यप्रणाली, अनुशासन और आगामी चुनावों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला महामंत्री देवमणि शुक्ला ने साफ शब्दों में कहा कि संगठन में अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि संघ अब ठोस निर्णय लेकर कर्मचारियों के हित में कार्य करेगा और संगठन की गरिमा बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।

वहीं जिलाध्यक्ष राघवेंद्र तिवारी ने सभी विकास खंडों में ब्लॉक स्तरीय चुनाव कराने की घोषणा करते हुए उनकी जिम्मेदारी और समय-सीमा तय की। उन्होंने बताया कि सभी ब्लॉकों के चुनाव 20 फरवरी तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएंगे, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

बैठक में उपस्थित मंडल अध्यक्ष नरसिंह नारायण पांडे ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 20 फरवरी के बाद भी किसी ब्लॉक में चुनाव नहीं होते हैं, तो उस ब्लॉक की कार्यकारिणी को भंग कर दिया जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से समयबद्ध तरीके से चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की।

साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि 15 फरवरी तक सभी कर्मचारी अपने-अपने विकास खंड की मतदाता सूची तैयार कराकर जिला संगठन से उसका अनुमोदन अवश्य प्राप्त कर लें। इससे चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जा सकेगी।

बैठक में संगठन की मजबूती, कर्मचारियों की समस्याओं, अधिकारों और आगामी रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सैकड़ों पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे, जिससे संगठन की एकजुटता और सक्रियता स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

Check Also

Raaka Risk Secret : Raaka पर लगा दांव, फिर हुआ बड़ा उलटफेर

अल्लू अर्जुन की ‘राका’ पर रिलीज से पहले ही बड़ा दांव, बिहार में टेरिटोरियल राइट्स …