Uncategorizedउत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़दुनियादेशराज्य

Leopard Sighted-गन्ने के खेत में तेंदुआ दिखने से दहशत, देखने उमड़ी हजारों की भीड़, वन विभाग ने शुरू किया रेस्क्यू अभियान

खड्डा तहसील क्षेत्र के गांव सिसवा गोपाल में उस समय हड़कंप मच गया, जब गन्ने के खेत में एक तेंदुआ देखे जाने की सूचना फैली। तेंदुआ दिखने की खबर जंगल की आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही गांव और आसपास के इलाकों से हजारों की संख्या में लोग तेंदुआ देखने के लिए मौके पर जुट गए। बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा होने से स्थिति और भी संवेदनशील हो गई। ग्रामीणों ने अपने बच्चों और मवेशियों को घरों में सुरक्षित कर लिया और खेतों की ओर जाने से बचने लगे।

ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पहले भी इसी तेंदुआ के हमले में एक बकरी की मौत हो चुकी थी, जिसके बाद से लोग पहले ही भय के माहौल में थे। तेंदुआ दोबारा दिखाई देने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वन विभाग के अधिकारियों ने तत्काल क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और तेंदुआ को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। खेतों के आसपास निगरानी बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि वे खेतों की ओर न जाएं और भीड़ न लगाएं।

वन विभाग का कहना है कि तेंदुआ संभवतः गन्ने के घने खेतों में छिपा हुआ है। उसे सुरक्षित पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने और ट्रैकिंग जैसी रणनीतियों पर काम किया जा रहा है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस प्रशासन भी सतर्कता बनाए हुए है।

फिलहाल गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग वन विभाग की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों से संयम बरतने और सहयोग करने की अपील की गई है।

Related Articles

Back to top button