Sunday , February 1 2026

Temple Route Dispute-माघ महा की कीर्तन फेरी रोके जाने पर बवाल, पुलिस लाठीचार्ज में कई लोग घायल

संवाददाता — मुनेन्द्र शर्मा | बदायूँ

बदायूँ जनपद के थाना इस्लामनगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम व्योर कस्माबाद में माघ महा के अवसर पर निकलने वाली परंपरागत कीर्तन फेरी को रोके जाने से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। फेरी के रास्ते में मस्जिद पड़ने को लेकर उसे उसी मार्ग से निकालने से रोक दिया गया, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह कीर्तन फेरी वर्ष 2012 तक नियमित रूप से गांव के अंदर इसी मार्ग से निकाली जाती रही है। उस समय किसी प्रकार का विवाद नहीं हुआ। बाद में गांव के अंदर की सड़क खराब हो जाने के कारण फेरी को गांव के बाहर से निकाला जाने लगा।

ग्रामीणों का कहना है कि अब सड़क पूरी तरह से ठीक हो चुकी है और इसी मार्ग पर गांव के अधिकांश मंदिर स्थित हैं, ऐसे में परंपरा के अनुसार फेरी को पुराने रास्ते से निकालने की मांग की जा रही थी।

फेरी को रोके जाने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और विरोध जताने लगे। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना पर इस्लामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

आरोप है कि स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने फेरी निकालने वालों पर लाठीचार्ज किया, जिसमें 8 से 10 लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। लाठीचार्ज के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।

घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। वहीं ग्रामीणों में इस कार्रवाई को लेकर नाराजगी बनी हुई है और वे परंपरागत धार्मिक आयोजन में बाधा डालने का आरोप लगा रहे हैं।

फिलहाल प्रशासन की ओर से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की जा रही है और दोनों पक्षों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

Check Also

Anganwadi Recruitment-बलरामपुर में आंगनबाड़ी भर्ती घोटाला, रिश्वत लेते तीन आरोपी गिरफ्तार

जनपद बलरामपुर में आंगनबाड़ी चयन प्रक्रिया के नाम पर रिश्वत मांगने और लेने का गंभीर …