
संवाददाता — अंकित श्रीवास्तव | कन्नौज
कन्नौज जनपद के छिबरामऊ विकासखंड अंतर्गत सिकंदरपुर चौकी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह घने कोहरे के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम नगला सदारी के सामने हाईवे पर पिकअप और कंटेनर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में पिकअप वाहन में सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें चालक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप चालक सौरभ कुमार को पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उसके साथ मौजूद मुकेश कुमार और रामपाल (छोटे) भी घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि पिकअप सवार तीनों युवक करमुल्लापुर से किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छिबरामऊ जा रहे थे। सुबह के समय क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान सामने से आ रहे कंटेनर से पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई।
वहीं दूसरी ओर, कंटेनर चालक चंदौली से फरीदाबाद की ओर जा रहा था। कंटेनर चालक हाईवे से नीचे उतरकर इंडियन पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने के लिए रॉन्ग साइड से वाहन ले जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही पिकअप से उसकी भिड़ंत हो गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को वाहन से बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। सूचना मिलते ही सिकंदरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण घना कोहरा, कम दृश्यता और कंटेनर चालक द्वारा रॉन्ग साइड से वाहन ले जाना बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और घायलों का इलाज जारी है।




