
हमीरपुर।
जनपद हमीरपुर में लगातार बढ़ रही ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा राहत कार्यों को तेज कर दिया गया है। कड़ाके की सर्दी से सबसे अधिक प्रभावित गरीब, असहाय और बुजुर्ग वर्ग को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से मौदहा कस्बे में कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मौदहा स्थित त्रिमूर्ति गेस्ट हाउस में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान त्रिमूर्ति ग्रुप के सहयोग से उपजिलाधिकारी मौदहा करनवीर सिंह एवं क्षेत्राधिकारी मौदहा राजकुमार पांडेय ने स्वयं जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। अधिकारियों ने कई बुजुर्गों को अपने हाथों से कंबल ओढ़ाकर ठंड से बचाव का संदेश दिया। कंबल पाकर गरीब और असहाय लोगों के चेहरों पर खुशी और राहत साफ तौर पर देखी गई।
इस अवसर पर एसडीएम मौदहा करनवीर सिंह ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति ठंड के कारण परेशान न हो। उन्होंने लोगों से अपील की कि अत्यधिक ठंड में सावधानी बरतें और जरूरत पड़ने पर प्रशासन से संपर्क करें। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन द्वारा आगे भी इसी प्रकार के राहत कार्यक्रम लगातार चलाए जाएंगे।
वहीं क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय ने कहा कि पुलिस और प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ जरूरतमंदों की मदद कर रहा है। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में बुजुर्गों और असहाय लोगों की विशेष देखभाल बेहद जरूरी है और प्रशासन इसके लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मानवीय कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। कंबल वितरण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
गौरतलब है कि जनपद हमीरपुर में शीतलहर के चलते तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। ऐसे में जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे राहत कार्यक्रम जरूरतमंदों के लिए संजीवनी साबित हो रहे हैं। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे जरूरतमंदों की सूचना समय पर दें ताकि उन्हें समय रहते सहायता पहुंचाई जा सके।




