
फर्रुखाबाद में संभावित आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास के माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और त्वरित कार्रवाई की क्षमता को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
फर्रुखाबाद में जिला अग्निशमन अधिकारी कार्यालय परिसर में नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार बंसल की उपस्थिति में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस मॉक ड्रिल में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं अग्निशमन विभाग ने संयुक्त रूप से अभ्यास किया।
ड्रिल के दौरान उपस्थित आपदा मित्रों एवं आम नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों, विशेष रूप से आग लगने की स्थिति में सुरक्षा उपायों और घायलों के रेस्क्यू से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
अग्निशमन विभाग द्वारा आग लगने की स्थिति में आग पर काबू पाने के विभिन्न तरीकों का डेमो प्रस्तुत किया गया।
वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने, सुरक्षित रेस्क्यू करने, सीपीआर (CPR) प्रदान करने तथा घटनास्थल से सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया का प्रशिक्षणात्मक प्रदर्शन किया।
मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा।
इस अवसर पर अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नागरिक सुरक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, आपदा विशेषज्ञ तथा आपदा मित्र मौजूद रहे।




