Friday , May 1 2026

Illegal Vehicles Checking-हमीरपुर में डग्गामार वाहनों पर सख्ती, संयुक्त चेकिंग में 8 वाहन सीज

हमीरपुर जनपद में डग्गामार वाहनों पर शिकंजा कसते हुए यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

हमीरपुर जनपद में अवैध रूप से संचालित डग्गामार वाहनों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से एक व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान क्षेत्राधिकारी सदर हमीरपुर, एआरटीओ हमीरपुर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, एआरएम हमीरपुर एवं प्रभारी यातायात के संयुक्त नेतृत्व में जनपद के विभिन्न प्रमुख मार्गों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में चलाया गया।

अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन कर रहे कुल 08 डग्गामार वाहनों को चिन्हित किया गया, जिनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज कर दिया गया। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई भी की गई।

चेकिंग के दौरान अधिकारियों ने इस बात का विशेष ध्यान रखा कि यातायात व्यवस्था बाधित न हो और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें वैध दस्तावेज साथ रखने, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जीजीआईसी कॉलेज, बस स्टैंड और अन्य भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों के आसपास कोई भी वाहन चालक अपने वाहन अनाधिकृत रूप से खड़ा न करें। भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है।

प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित वाहनों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम जनता ने अभियान का स्वागत करते हुए इसे सड़क सुरक्षा की दिशा में अहम कदम बताया है।

Check Also

Food Adulteration Case-अलीगढ़: 1668 किलो नकली पनीर पर चला बुलडोजर, FSDA की बड़ी कार्रवाई; 5 लाख का माल नष्ट

अलीगढ़ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) और पुलिस की संयुक्त टीम ने मिलावटखोरी …