ऐतिहासिक चन्देलकालीन रहिलिया सूर्य मंदिर के समीप स्थित सूर्यकुण्ड परिसर में लगभग 80 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पार्क के निर्माण का भूमि पूजन शनिवार को किया गया। नगर पालिका परिषद की ओर से कराए जा रहे इस कार्य का भूमि पूजन सदर विधायक और विधान परिषद सदस्य द्वारा विधिवत रूप से संपन्न कराया गया।
नगर पालिका परिषद द्वारा पन्द्रहवां वित्त आयोग निधि के अंतर्गत ऐतिहासिक रहिलिया सूर्य मंदिर के पास स्थित सूर्यकुण्ड परिसर में लगभग 80 लाख रुपये की लागत से एक आकर्षक पार्क का निर्माण कराया जाना है। शनिवार को इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमि पूजन सदर विधायक राकेश कुमार गोस्वामी एवं विधान परिषद सदस्य जितेन्द्र सिंह सेंगर द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया।
इस अवसर पर सदर विधायक राकेश कुमार गोस्वामी ने कहा कि भारतवर्ष में सूर्य उपासना से जुड़े केवल दो प्रमुख सूर्य मंदिर हैं, जिनमें एक कोणार्क का सूर्य मंदिर है और दूसरा ऐतिहासिक रहिलिया सूर्य मंदिर। यह स्थल अपनी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता के कारण देश-विदेश से पर्यटकों को आकर्षित करता है। सूर्यकुण्ड पार्क का निर्माण होने से यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में निश्चित रूप से वृद्धि होगी, जिससे क्षेत्र को पर्यटन के नक्शे पर नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बुन्देलखण्ड क्षेत्र को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण गोरखगिरि पर्वत पर पर्यटन विभाग द्वारा कराए जा रहे विकास कार्य हैं, जो अनवरत जारी हैं।
वहीं विधान परिषद सदस्य जितेन्द्र सिंह सेंगर ने कहा कि केन्द्र और प्रदेश सरकार बुन्देलखण्ड के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण, बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे के रिंग रोड तथा रेलवे लाइन के दोहरीकरण जैसे बड़े प्रोजेक्ट तेज़ी से पूरे किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और विकास को गति मिल रही है।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ. सन्तोष चौरसिया ने जानकारी देते हुए बताया कि आम जनमानस और पर्यटकों की सुविधा तथा प्राकृतिक सौंदर्य को ध्यान में रखते हुए सूर्यकुण्ड पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। पार्क में आकर्षक फूल-पौधे, बच्चों के लिए झूले, बैठने की समुचित व्यवस्था और व्यापक प्रकाश व्यवस्था की जाएगी, जिससे यह स्थल और अधिक मनमोहक व पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा, भाजपा मंडल अध्यक्ष पुष्पेन्द्र गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि रोहित शर्मा, सभासद सुरेन्द्र तिवारी, मोहम्मद रईस, राहुल सेन, ललित पटेल, राजेश कुमार, नीतू, बृजेन्द्र साहू, साधना, राजू गुप्ता, सभासद प्रतिनिधि बलवान व संदीप सहित नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अवधेश कुमार, सहायक अभियंता विकास शुक्ला, लेखाकार अरुण शुक्ला, अवर अभियंता मनोज कुमार गुप्ता, राजेश त्रिपाठी, ठेकेदार, पालिकाकर्मी, गणमान्य नागरिक और पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal