बांदा। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के जन्मदिन को कांग्रेस पार्टी ने जिले में संकल्प दिवस के रूप में मनाया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में केक काटकर प्रियंका गांधी का जन्मदिन मनाया गया और साथ ही पार्टी की आगामी 100 दिनों की कार्य योजना का औपचारिक शंखनाद किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस नेताओं ने बताया कि पार्टी हाईकमान के निर्देशानुसार आने वाले 100 दिनों में जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को लेकर ज़मीनी स्तर पर संघर्ष किया जाएगा। इस दौरान महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की बदहाली, मनरेगा में भ्रष्टाचार और संविधान पर हो रहे हमलों जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी “संविधान संवाद पंचायत” के माध्यम से भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यशैली को आम जनता के सामने उजागर करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान की मूल भावना के खिलाफ काम कर रही है और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। इसी विफलता के विरोध में कांग्रेस पार्टी प्रदेश भर में 30 महापंचायतों का आयोजन करेगी, जिनके जरिए जनता को जागरूक किया जाएगा और सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
मनरेगा को लेकर प्रदीप जैन ने कहा कि यह योजना 2 फरवरी 2006 को कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई थी, जिसने ग्रामीण मजदूरों को सम्मान और रोजगार दिया। लेकिन भाजपा सरकार ने इस ऐतिहासिक योजना का स्वरूप बदलकर मजदूरों के साथ छल किया है। मजदूरी भुगतान में देरी और काम की कमी से गरीब वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा गांधी के नाम से नफरत करती है। यही कारण है कि महात्मा गांधी के नाम पर चल रही योजनाओं के नाम बदले जा रहे हैं और मनरेगा का नाम बदलकर श्रीराम योजना कर दिया गया, जो भाजपा की मानसिकता को दर्शाता है।
कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर आगामी 100 दिनों की कार्य योजना को सफल बनाने का संकल्प लिया।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal